The Bengal Frontier: Tracing the Anarya Civilization and the Resilient Legacy of Matri-Culture
The cultural and historical landscape of the Bengal Frontier, extending east of the Kosi River, represents a unique civilizational pocket that remains largely misunderstood by mainstream Indian historiography. While the heartland of India evolved under the rigid dictates of the Vedic Varna system, this region flourished as a bastion of 'Anarya' (Non-Aryan) autonomy. This paper argues that the socio-political identity of the Bengal Frontier is rooted in a non-hierarchical, Shakta-Tantric tradition and a matrilineal social pulse that defies the orthodox patriarchal structures of the West. By tracing the lineage of indigenous systems and the 'Vratya' status assigned to its people, the study highlights a history of cultural resistance. In the contemporary context, the resurgence of ethnic identity movements is not merely electoral but a continuation of this ancient struggle. This article aims to bridge the knowledge gap, presenting the Bengal Frontier not as a peripheral shadow, but as a primary center of a distinct, resilient civilization currently facing the pressures of patriarchal assimilation.
कोशी के पूर्व का भारत: एक विस्मृत सभ्यता का समाजशास्त्रीय एवं राजनीतिक विश्लेषण
भारतीय उपमहाद्वीप के इतिहास का जब भी विश्लेषण होता है, तो उसका केंद्र प्रायः सिंधु-गंगा के मैदानों की वह संस्कृति रहती है जिसे 'आर्यावर्त' के नाम से महिमामंडन प्राप्त हुआ। किंतु इस ऐतिहासिक विमर्श में बंगाल का वह सीमांत और कोशी नदी के पूर्व का वह विशाल भूखंड सदैव हाशिए पर रहा, जो आज के बिहार के सीमांचल, पूर्णिया प्रमंडल, संपूर्ण उत्तरी बंगाल और असम के कामरूप तक विस्तृत है। शेष भारत के लिए यह क्षेत्र या तो बाढ़ की विभीषिका का पर्याय है या फिर एक दुर्गम सीमांत, किंतु इतिहास की परतों के नीचे यहाँ एक ऐसी 'अनार्य' सभ्यता जीवित है, जिसकी जड़ों ने कभी भी वर्णाश्रम धर्म की अधीनता स्वीकार नहीं की। यह लेख उस अनकही सांस्कृतिक स्वायत्तता को स्वर देने का प्रयास है, ताकि शेष भारत उस 'पूर्वी मेखला' को समझ सके जिसे मुख्यधारा के इतिहासकारों ने अपनी सुविधा के लिए 'म्लेच्छ' या 'अन्त्यज' कहकर छोड़ दिया था।
कोशी: एक भौगोलिक नहीं, सभ्यतागत अवरोधक कोशी नदी प्राचीन काल से ही केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक अवरोधक (Cultural Barrier) रही है। ऋग्वेद से लेकर शतपथ ब्राह्मण तक के ग्रंथों में विदेह (मिथिला) तक आर्य संस्कृति के प्रसार की चर्चा तो मिलती है, लेकिन कोशी के पार के क्षेत्रों को 'अपवित्र' या 'असंस्कृत' घोषित कर दिया गया। इसका वास्तविक कारण धार्मिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक था। कोशी के पूर्व में रहने वाली जातियाँ और कबीले अपनी संरचना में पूर्णतः स्वतंत्र और समतावादी थे। यहाँ वर्ण-व्यवस्था का वह चतुष्कोणीय ढांचा कभी प्रभावी नहीं हो सका जो समाज को ऊंच-नीच के खांचों में बांटता था। यहाँ की मिट्टी में पलने वाले 'पुंड्र', 'किरात' और 'शबर' जैसे समुदायों ने अपनी एक समानांतर व्यवस्था विकसित की थी, जिसमें शासक का चुनाव शौर्य और सामुदायिक सहमति से होता था, न कि किसी शास्त्रीय विधान से।
शासक वंश और वर्ण-व्यवस्था का संघर्ष ऐतिहासिक दृष्टि से देखें तो पाल और सेन राजवंशों का शासनकाल इस क्षेत्र का चरमोत्कर्ष था। मुख्यधारा के इतिहासकार अक्सर इन राजवंशों को जबरन 'क्षत्रिय' या 'ब्राह्मण' सिद्ध करने की कोशिश करते हैं ताकि उन्हें अखिल भारतीय वर्ण-क्रम में फिट किया जा सके। किंतु यदि सूक्ष्मता से अवलोकन किया जाए, तो पाल राजाओं की बौद्ध धर्म के प्रति निष्ठा और उनकी लोक-केंद्रित नीतियां यह स्पष्ट करती हैं कि वे उस वैदिक कर्मकांडीय व्यवस्था के विरोधी थे जो जन्म के आधार पर श्रेष्ठता तय करती थी। उन्हें 'समुद्रकुल' या 'व्रात्य' कहना वास्तव में उस श्रेष्ठताबोध का परिणाम था जो गंगा के पश्चिमी तट पर बैठा समाज पूर्वी समाज के प्रति रखता था। सेन राजवंश, जो दक्षिण से आए, उन्होंने यहाँ वर्ण व्यवस्था थोपने का प्रयास अवश्य किया, लेकिन यहाँ की तांत्रिक और शाक्त जड़ों ने उस प्रयास को कभी पूरी तरह सफल नहीं होने दिया।
शाक्त चेतना और मातृकुल की प्रधानता इस क्षेत्र की सबसे विशिष्ट पहचान इसकी 'शाक्त चेतना' है। शेष भारत जहाँ पितृसत्तात्मक मर्यादाओं और वैष्णव शुचितावाद से प्रभावित रहा, वहीं बंगाल के इस सीमांत का समाज 'मातृ-शक्ति' का उपासक बना रहा। यहाँ की परंपराओं में 'मातृकुल' (Maternal Lineage) का जो सम्मान है, वह भारतीय समाजशास्त्र के लिए एक शोध का विषय होना चाहिए। विवाह से लेकर मृत्यु तक के संस्कारों में ननिहाल और माता के पक्ष की प्रधानता यह सिद्ध करती है कि यह सभ्यता मूलतः 'अनार्य' और 'आर्येतर' जड़ों से जुड़ी है। यहाँ की 'डीहवार' पूजा, 'ग्राम देवता' की संकल्पना और तांत्रिक पद्धतियों में बलि प्रथा का प्रचलन उस आदिम स्वायत्तता का प्रतीक है, जो वेदों के 'यज्ञ' और 'मंत्र' से स्वतंत्र अपनी एक अलग सत्ता रखती थी। कामरूप की कामाख्या और बंगाल के काली क्षेत्रों ने एक ऐसा आध्यात्मिक लोकतंत्र निर्मित किया, जहाँ ब्राह्मण और चांडाल एक ही पीठ पर बैठकर साधना कर सकते थे—यह उस 'अनार्य' विद्रोह का आध्यात्मिक रूप था जिसने वर्ण-व्यवस्था की जड़ों पर प्रहार किया।
औपनिवेशिक चोट और आधुनिक पहचान का संकट औपनिवेशिक काल और उसके बाद के आधुनिक भारत में इस क्षेत्र के साथ सबसे बड़ा ऐतिहासिक अन्याय हुआ। अंग्रेजों ने अपनी प्रशासनिक सुगमता के लिए यहाँ की स्वायत्त जातियों—जैसे राजवंशी, कोच, पाली, केवट और अन्य लोक-जातियों—को 'शूद्र' या 'पिछड़ी' श्रेणियों में डाल दिया। यह उनके गौरवशाली अतीत और उनकी स्वतंत्र पहचान पर एक बड़ा प्रहार था। इन जातियों के पास अपने राजा थे, अपनी सैन्य परंपराएं थीं और अपना एक समृद्ध लोक-साहित्य था। ठाकुर पंचानन बर्मा जैसे समाज सुधारकों ने जब 'क्षत्रियकरण' का आंदोलन चलाया, तो वह केवल जनेऊ पहनने की होड़ नहीं थी, बल्कि उस खोए हुए सम्मान को प्राप्त करने की छटपटाहट थी जिसे वर्णाश्रम के समर्थकों ने उनसे छीन लिया था। शेष भारत आज भी इस क्षेत्र की जातियों को केवल 'आरक्षण' के चश्मे से देखता है, जबकि उनका संघर्ष अपनी 'सभ्यतागत पहचान' (Civilizational Identity) को बचाने का रहा है।
वर्तमान राजनीति: प्राचीन चेतना का विस्फोट वर्तमान राजनीति के धरातल पर जो उथल-पुथल हमें सीमांचल और उत्तरी बंगाल में दिखाई देती है, वह वास्तव में इसी प्राचीन चेतना का आधुनिक विस्फोट है। जब एक राजवंशी अपनी अलग पहचान की मांग करता है या सीमांचल का समाज अपने राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए मुखर होता है, तो वह केवल वोट की राजनीति नहीं होती। यह उस 'पूर्वी मानस' की अभिव्यक्ति है जिसे सदियों से दबाया गया। शेष भारत को यह समझना होगा कि कोशी के पूर्व का व्यक्ति केवल एक 'मतदाता' नहीं है, बल्कि वह उस महान 'असुर' और 'व्रात्य' परंपरा का वाहक है जिसने मगध के साम्राज्यों और दिल्ली के सुल्तानों तक को अपनी सांस्कृतिक दृढ़ता से चुनौती दी थी।
वर्तमान औप भविष्य की चुनौती निष्कर्षतः, 'ईस्टर्न साइंटिस्ट' के माध्यम से यह संदेश जाना आवश्यक है कि कोशी के पूर्व और बंगाल का यह सीमांत एक स्वतंत्र सभ्यतागत इकाई है। यहाँ की शाक्त परंपरा, मातृसत्तात्मक प्रवृत्तियाँ और वर्ण-विहीन समाज का ढांचा भारत की उस विविधता का प्रमाण है जिसे एकरंगीय बनाने की कोशिश हमेशा विफल रही है। यह लेख उन लोगों के लिए एक झरोखा है जो भारत को केवल 'आर्य' चश्मे से देखते हैं। कोशी के पार की मिट्टी में आज भी वह गंध शेष है, जो हमें याद दिलाती है कि भारत की असली शक्ति उसकी उन 'अन्त्यज' और 'अनार्य' परंपराओं में निहित है, जिन्होंने अपनी अस्मिता के लिए कभी समझौता नहीं किया।
किंतु वर्तमान स्थिति में एक गंभीर संकट उभर रहा है। यह प्राचीन मातृ संस्कृति अब बाहरी पुरुषवादी (Patriarchal) संस्कृति के तीव्र हमलों और अतिक्रमण के दायरे में है। वर्चस्व की यह नई जंग न केवल भौगोलिक है, बल्कि वैचारिक और सांस्कृतिक भी है। आगे देखना यह है कि यह प्राचीन संघर्ष क्या रूप लेता है—क्या यह सभ्यता अपनी मूल 'शक्ति' को बचा पाएगी या सांस्कृतिक समरूपीकरण की भेंट चढ़ जाएगी।
डॉ. अचल पुलस्तेय एक बहुविषयक विद्वान, लेखक, चिंतक और लोक अध्येता हैं।
उनका लेखन सामाजिक यथार्थ, सांस्कृतिक परिवर्तन और मानवीय चेतना के गहन विश्लेषण के लिए जाना जाता है।
Article Views :
How to Cite this Article : Related Articlesसंदर्भ (References):
0 Comments