बुद्ध का विस्तार: वज्रयान, गुरु पद्मसंभव और हिमालयी परंपरा की अनदेखी धारा

Editorial Analysis
Published: May 01, 2026 | Editor in Chief

Expanding Buddha: Vajrayana, Guru Padmasambhava, and the Overlooked Himalayan Tradition

On the occasion of Buddha Purnima, global discussions around Gautama Buddha highlight his relevance across political, social, scientific, and philosophical domains. Buddha is being interpreted through diverse lenses—from nonviolence and rationality to ideological frameworks like communism and Vedic traditions. This wide interpretative spectrum reflects his enduring and universal influence.

However, one important dimension often remains underrepresented: the Vajrayana tradition of Buddhism. At its core stands Padmasambhava, also known as Guru Rinpoche, an 8th-century Indian master who played a decisive role in establishing tantric Buddhism in Tibet. Associated with centers like Nalanda and regions such as Uddiyana (present-day Swat), Padmasambhava transformed Buddhist practice by integrating tantra, ritual, and yogic disciplines.

In Tibet, alongside Shantarakshita, he helped institutionalize Buddhism, symbolized by the construction of Samye Monastery. His role is often described through mythic narratives of subduing local forces—interpretable as a cultural negotiation between incoming Buddhist ideas and indigenous beliefs.

The Nyingma tradition reveres him as a “second Buddha,” with teachings preserved in “terma” (hidden texts) rediscovered over time—suggesting a dynamic, evolving understanding of truth. A powerful modern symbol of his legacy is the Samdruptse Statue in Sikkim, a 135-foot monument reflecting his enduring presence in Himalayan culture.

While contemporary markets often associate tantra with quick rituals and “occult practices,” such interpretations oversimplify Vajrayana. In its authentic sense, tantra refers to inner transformation and disciplined spiritual practice—not commercialized mysticism.

Thus, revisiting Padmasambhava and Vajrayana broadens our understanding of Buddhism—not merely as a rational doctrine, but as a rich, symbolic, and experiential tradition.

Photo- Namchi Sikkim- Pulastey

आज बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर जब बुद्ध की शिक्षाओं पर वैश्विक स्तर पर चर्चा हो रही है, तो यह स्पष्ट दिखता है कि गौतम बुद्ध अब केवल एक आध्यात्मिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि बहुस्तरीय विमर्श का केंद्र बन चुके हैं। उन्हें सामाजिक न्याय, राजनीतिक नैतिकता, अहिंसा, विज्ञान और यहाँ तक कि वैचारिक ध्रुवों कम्युनिस्ट चीन से लेकर वैदिक परंपरा तक में अलग-अलग रूपों में देखा जा रहा है। यह व्यापकता ही बुद्ध की महानता को सिद्ध करती है।

लेकिन इस विस्तृत विमर्श में एक महत्वपूर्ण धारा अक्सर उपेक्षित रह जाती है—वज्रयान बौद्ध परंपरा, जो बौद्ध धर्म के सबसे रहस्यवादी और प्रयोगधर्मी रूपों में से एक है। और इसी परंपरा के केंद्र में हैं पद्मसंभव, जिन्हें तिब्बती परंपरा में गुरु रिंपोचे के नाम से जाना जाता है।

Under Tomb

आठवीं शताब्दी में जन्मे पद्मसंभव भारतीय उपमहाद्वीप के उस सांस्कृतिक भूगोल से आते हैं, जिसे आज स्वात घाटी के रूप में जाना जाता है। यह क्षेत्र तांत्रिक साधनाओं का केंद्र रहा है। नालंदा जैसे महान बौद्ध विद्यापीठ से जुड़े पद्मसंभव ने केवल ज्ञान अर्जित नहीं किया, बल्कि उसे एक नए आयाम में रूपांतरित किया—तंत्र और योग के माध्यम से।

तिब्बत में बौद्ध धर्म की स्थापना की कथा केवल आध्यात्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और राजनीतिक भी है। शान्तरक्षित के प्रयासों के बावजूद जब तिब्बत में बौद्ध धर्म को स्थायित्व नहीं मिल पा रहा था, तब पद्मसंभव को आमंत्रित किया गया। तिब्बती परंपराओं के अनुसार, उन्होंने ‘दुष्ट शक्तियों’ को परास्त कर वह वातावरण निर्मित किया, जिसमें सम्ये मठ का निर्माण संभव हुआ—तिब्बत का पहला बौद्ध मठ, जो आगे चलकर धर्म प्रसार का केंद्र बना।

यहाँ प्रश्न केवल चमत्कारों या मिथकों का नहीं है। यह उस सांस्कृतिक संघर्ष का प्रतीक है, जहाँ एक नई विचारधारा को स्थापित होने के लिए स्थानीय मान्यताओं, भय और परंपराओं से संवाद करना पड़ता है। पद्मसंभव का “तांत्रिक हस्तक्षेप” दरअसल उसी संवाद का रूपक भी हो सकता है।

वज्रयान की परंपरा, विशेषकर न्यिंगमा संप्रदाय, पद्मसंभव को केवल एक गुरु नहीं, बल्कि “दूसरे बुद्ध” के रूप में देखता है। उनकी शिक्षाएँ, जिन्हें ‘तेरमा’ (गुप्त ग्रंथ) कहा जाता है, समय-समय पर पुनः खोजी जाती रहीं—यह विचार अपने आप में ज्ञान की एक गतिशील अवधारणा को प्रस्तुत करता है, जहाँ सत्य स्थिर नहीं, बल्कि पुनः प्रकट होने वाला है।

पद्मसंभव के जीवन के साथ जुड़ी पौराणिक कथाएँ—कमल से उत्पत्ति, डाकिनियों पर नियंत्रण, आकाशीय शक्तियों की प्राप्ति—आधुनिक तर्क के लिए भले ही असहज हों, लेकिन वे उस लोक-सांस्कृतिक मानस को दर्शाती हैं, जिसमें आध्यात्मिकता और प्रकृति, भय और मुक्ति, सब एक-दूसरे में गुंथे हुए हैं।

इसी परंपरा का एक सशक्त दृश्य प्रतीक दक्षिणी सिक्किम के नाम्ची के पास स्थित सामद्रुप्त्से प्रतिमा है। गंगटोक से लगभग 75 किलोमीटर दूर यह 135 फुट ऊँची विराट प्रतिमा गुरु पद्मसंभव की उस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उपस्थिति को मूर्त रूप देती है, जिसने पूरे हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित किया। “सामद्रुप्त्से”—अर्थात मनोकामना पूर्ण करने वाली पहाड़ी—के रूप में यह स्थान लोकआस्था और आध्यात्मिक विश्वास का केंद्र है।

करीब 1200 वर्षों से सिक्किम में पद्मसंभव को संरक्षक संत के रूप में देखा जाता है। दलाई लामा द्वारा 22 अक्टूबर 1997 को इस प्रतिमा का शिलान्यास और 2004 में इसका उद्घाटन, यह दर्शाता है कि यह परंपरा केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान की जीवित धरोहर है। हालाँकि, समकालीन संदर्भ में यह धारणा भी उभरती है कि आज बाज़ारों में प्रचलित तंत्र-मंत्र और टोटकों की जड़ें इसी वज्रयान परंपरा में हैं। यह दृष्टिकोण आंशिक सत्य तो हो सकता है, लेकिन पूर्ण नहीं। वज्रयान का “तंत्र” मूलतः आंतरिक साधना, चेतना के रूपांतरण और प्रतीकात्मक अनुष्ठानों का मार्ग है—न कि त्वरित चमत्कारों या बाज़ारू टोटकों का।

आज जो “तंत्र” बाज़ार में बिक रहा है, वह अधिकतर लोकविश्वास, सांस्कृतिक मिश्रण और व्यावसायीकरण का परिणाम है। इसे सीधे तौर पर पद्मसंभव की शिक्षाओं से जोड़ना न केवल ऐतिहासिक रूप से सरलीकरण है, बल्कि उस गहरी आध्यात्मिक परंपरा के साथ अन्याय भी है। इस बुद्ध पूर्णिमा पर, जब हम बुद्ध को पुनः परिभाषित कर रहे हैं, तब यह आवश्यक है कि हम उनके उन आयामों को भी समझें, जो मुख्यधारा के विमर्श से बाहर रह गए हैं। पद्मसंभव और वज्रयान परंपरा उसी “अनकहे बुद्ध” की ओर संकेत करती है—जहाँ ज्ञान केवल उपदेश नहीं, बल्कि साधना, रहस्य और सांस्कृतिक संवाद का जीवंत अनुभव है।

Dr. R. Achal

डॉ. आर. अचल पुलस्तेय

Editor-in-Chief, Eastern Scientist

Multidisciplinary scholar focusing on socio-economic transitions and geopolitical shifts in the Eastern hemisphere.

ORCID iD: 0009-0002-8240-2689

Article Views :

How to Cite this Article :


Related Articles

Post a Comment

0 Comments