Culture | संस्कृति
Date : June 14, 2026 | Author : डॉ. अचल पुलस्तेय
Integrating historical records, archaeological evidence, and anthropological field experiences of the Nilachal hills, this research piece presents a critical analysis of the institutional evolution of the Kamakhya Peeth. This first part of the study delineates the historical timeline from the pre-11th century primitive tribal 'Deuri' system to the royal patronage extended by the Varman, Mlechchha, Pala, and Koch dynasties. It demonstrates how successive shifts in political power reshaped the historical and anthropological landscape of this sacred site.
The article explores the foundational framework of the Nilachal architectural style, which was reconstructed by the Koch King Nar Naranarayan and his master architect Megh Mukadam, and later augmented by the Ahom rulers and Darbhanga Raj. Crucially, through the lens of antiquities preserved in the temple museum, this section analyzes the profound cultural and linguistic transition wherein indigenous tribal folk traditions merged into the classical Kaula-tantra path. It highlights that despite major administrative and priestly overhauls across centuries, the core nature-oriented tantric rituals maintained uninterrupted continuity—undergoing only an outer linguistic transformation as primitive vocalizations and local dialects transitioned into classical Sanskrit mantras.
Keywords: : Nilachal Architecture, Koch Dynasty, Mlechchha Period, Pala Dynasty, Deuri Society, Baradeuri, Cultural Transition, Linguistic Transformation.
प्रवेश द्वार के निकट की दुकान से पूजन सामग्री लेकर जब हम मंदिर के पीछे वाले द्वार से परिसर में प्रवेश करते हैं, तो यह बोध होता है कि समय के प्रवाह ने किस प्रकार व्यवस्थाओं को सुविधानुसार रूपांतरित किया है। असल में यही मंदिर का मूल मुख्य द्वार है, जो शायद बाद में दुर्गम पहाड़ी रास्तों की कठिन चढ़ाई से बचने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस रूप में विकसित किया गया। पिछले द्वार से प्रवेश की यह व्यवस्था भी सैकड़ों साल पुरानी प्रतीत होती है; यहाँ तक कि समकालीन व्यावहारिक धरातल पर अब यही प्रधान द्वार बन चुका है।
ऐतिहासिक साक्ष्य और राजनीतिक विकासक्रम
इतिहास और पुरातात्विक साक्ष्यों के धरातल पर जब हम कामाख्या के कालखंड को टटोलते हैं, तो कई रोचक तथ्य उभरते हैं। चौथी से सातवीं सदी के मध्य असम के 'वर्मन शासन काल' में भारत आए सुप्रसिद्ध चीनी यात्री युयांगजोंग (ह्वेनसांग) ने अपनी यात्रा-वृत्तांतों में यहाँ किसी बड़े मंदिर का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया है। परन्तु इसके ठीक बाद, 8वीं शताब्दी में म्लेच्छवंशी राजाओं कोच राजाओं के बाद पाल राजवंश के काल में कामाख्या देवी की उपासना के अकाट्य साक्ष्य मिलते हैं। इसी आधार पर आधुनिक इतिहासकार इस मंदिर की संस्थागत स्थापना को मूलतः 8वीं सदी का मानते हैं।
तेजपुर में पुरातात्विक उत्खनन के दौरान प्राप्त 10वीं सदी के ताम्रपत्रों में मंदिर का स्पष्ट विवरण अंकित है, जो यह अकाट्य रूप से सिद्ध करता है कि वर्तमान संरचना का आधार 10वीं सदी से बहुत पहले का है। यह दौर परम शाक्त पाल राजाओं और स्थानीय जनजातीय शासकों का संक्रमण काल था, जिनके द्वारा मंदिर के निरंतर जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण का उल्लेख ऐतिहासिक ग्रंथों में मिलता है।
मध्यकाल के थपेड़ों ने इस शक्ति-केंद्र को भी प्रभावित किया। कुछ इतिहासकारों के अनुसार, सन् 1448 ई. में अफगानी आक्रांता हुसेनशाह ने कोच साम्राज्य पर हमला किया था, जिसके क्रूर सैन्य अभियानों के कारण मंदिर को भारी क्षति पहुँची। लोक-श्रुतियों में सुलेमान कर्रानी (1566-1572) के सेनापति कालापहाड़ द्वारा भी मंदिर को खंडित करने की बात कही जाती है, किंतु आधुनिक ऐतिहासिक विमर्शों में इसका काल और स्थान विसंगतिपूर्ण सिद्ध होता है।
इसके बाद राजा विश्वसिंह के कुशल नेतृत्व में कोच राजवंश का पुनः उदय हुआ। उन्होंने अफगानी नियंत्रण को बेदखल कर इस पावन पीठ के भग्नावशेषों को सहेजकर पुनः मंदिर को खड़ा किया। आगे चलकर विश्वसिंह के प्रतापी पुत्र राजा नरनारायण सिंह ने 1565 ईस्वी में एक सर्वथा नवीन वास्तुकला का प्रयोग करते हुए मंदिर का वह भव्य नव-निर्माण कराया, जो आज हमारे सम्मुख विद्यमान है।
नीलाचल का दैवीय रूपक और वास्तुकार मेघ मुकदम
ऐतिहासिक आख्यानों के अनुसार, हुसेनशाह से युद्ध के दौरान राजा नरनारायण के छोट भाई और महान सेनापति चिलराय कहीं बिछड़ गए थे। उन्हें खोजते हुए राजा नीलाचल पर्वत के अभेद्य और घने जंगलों में भटक रहे थे। इसी विवशता के बीच उन्हें आगे-आगे चलती हुई एक रहस्यमयी स्त्री दिखाई दी, जिसके पदचिह्नों का अनुसरण करते हुए राजा एक गुफा के मुहाने पर पहुँचे, जहाँ चिलराय सकुशल बैठे थे। जब राजा ने कृतज्ञता प्रकट करने के लिए पीछे देखा, तो वह स्त्री अंतर्धान हो चुकी थी। राजा नरनारायण को उस स्त्री में साक्षात् आदिशक्ति का आभास हुआ और उन्होंने उसी क्षण चिलराय को वहाँ एक भव्य मंदिर निर्मित करने का आदेश दिया। इस ऐतिहासिक संकल्प को कोच वास्तुकार मेघ मुकदम ने प्राचीन भग्नावशेषों की मूल्यवान प्रस्तर सामग्रियों का रचनात्मक उपयोग करते हुए एक अद्वितीय और नया भव्य रूप प्रदान किया।
ऐतिहासिक बदलाव यहीं नहीं थमे। 1658 ईस्वी में अहोम राजा जयध्वज सिंघा ने 'इटखुली की ऐतिहासिक लड़ाई' में कोच राजवंश को पराजित कर कामरूप क्षेत्र पर अपना आधिपत्य स्थापित कर लिया। सौभाग्य से अहोम शासक भी परम शाक्त मत के अनुयायी थे; अतः उन्होंने इस मंदिर को अहोम स्थापत्य कला के तत्वों से सुसज्जित करते हुए एक विशाल और भव्य रथ की विलक्षण आकृति में पुनर्निमित किया।
आगे चलकर ब्रिटिश औपनिवेशिक काल में मिथिलांचल के दरभंगा नरेश रामेश्वर सिंह द्वारा भी मंदिर परिसर के भीतर कई महत्वपूर्ण और स्थायी निर्माण कार्य कराए गए। उल्लेखनीय है कि राजा नरनारायण ने सुचारू तांत्रिक पूजा-विधान के लिए तत्कालीन कान्यकुब्ज (शर्मा) ब्राह्मण परिवारों को आमंत्रित कर यहाँ बसाया था, जिनके वंशजों का आज नीलाचल की तलहटी में एक समृद्ध पूरा नगर विकसित हो चुका है।
संग्रहालय का यथार्थ और जनजातीय अतीत का संक्रमण
परिसर के अन्वेषण के क्रम में मेरी दृष्टि कामाख्या देवी मंदिर संग्रहालय पर पड़ी। लोहे का भारी द्वार खोलकर जब मैं भीतर प्रविष्ट हुआ, तो वहाँ सदियों का इतिहास मौन खड़ा दिखाई दिया। वहाँ प्राचीन अनुष्ठानों में प्रयुक्त विभिन्न आकार-प्रकार के प्रलंकारी खड्ग, सुनहरे तारों की बारीक कसीदेकारी वाली ऐतिहासिक साड़ियाँ, प्राचीन शॉल, राजसी सिंहासन, विशाल घंटे, महिष-मुंड के कंकाल, खंडित प्रस्तर मूर्तियाँ तथा सोने, चाँदी, ताँबे व लोहे के विंटेज बर्तन सहेजे गए थे।
संग्रहालय के कर्मी जोय देउरी ने इस ऐतिहासिक बदलाव पर एक महत्वपूर्ण नृवैज्ञानिक साक्ष्य साझा करते हुए बताया:
"ये वस्तुएँ एक हज़ार वर्ष से भी अधिक प्राचीन हैं। 11वीं सदी से पहले हम मूल जनजातीय (आदिवासी) समाज के लोग अपने आदिम विधि-विधान और लोक-परंपराओं से माँ की सेवा करते थे। लेकिन 11वीं सदी में पालवंश के राजा धर्मपाल ने कन्नौज से कान्यकुब्ज ब्राह्मणों को आमंत्रित किया और उन्हें यहाँ का मुख्य पुजारी नियुक्त कर दिया। कालान्तर में ये लोग 'बारदेउरी' (अर्थात बाहर से आए देउरी या देवता के सेवक) कहलाए, जबकि भू-भाग के मूल 'देउरी' हम स्वयं हैं। ये विशाल खड्ग और अवशेष उसी संक्रमण काल के साक्षी हैं जब मंदिर की व्यवस्था जनजातीय समाज के हाथों से निकलकर शास्त्रीय व्यवस्था और राजाओं के अधीन चली गई। लेकिन इस भारी प्रशासनिक उलटफेर के बाद भी माँ की मूल पूजा विधि में कोई खास बदलाव नहीं हुआ; बस लोक-बोलियों और आदिम ध्वनियों के स्थान पर मंत्रों की भाषा बदल गई और वे शास्त्रीय संस्कृत में रूपांतरित हो गए।"
सांस्कृतिक संक्रमण का यह भाषाई यथार्थ अत्यंत गहरा है। यह दर्शाता है कि सत्ताओं और पुजारियों के बदलने के बाद भी नील-शैल की आत्मा ने अपनी मूल प्रकृतिपरक तांत्रिक पूजा-पद्धति को सुरक्षित रखा, केवल उसके बाहरी आवरण और वाचक-स्वर (मंत्र) को युगीन विमर्श के अनुसार शास्त्रीय ढाँचे में ढाल दिया गया।
देवी कामाख्या-9:संस्थागत प्रबंधन, स्थापत्य कला और कॉस्मिक दर्शन
डॉ. अचल पुलस्तेय एक समकालीन बहुविषयक विद्वान, सशक्त लेखक, चिंतक, लोक अध्येता, संपादक Burt कवि हैं। उनका लेखन सामाजिक यथार्थ, सांस्कृतिक परिवर्तन, लोक जीवन और मानवीय चेतना के गहन विश्लेषण के लिए जाना जाता है। वे ‘Eastern Scientist’ सहित विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े होकर समसामयिक विषयों पर वैचारिक लेख प्रस्तुत करते हैं। उनकी प्रमुख कृतियों में महान गणराज्य गढ़मण्डला-इतिहास, रिसर्च इन तप्पाडोमागढ़, कोरोना काल कथा-स्वर्ग में सेमीनार-उपन्यास, कुरुना से कामाख्या-यात्रिकी तथा लोकतंत्र और नदी, लोकतंत्र और रेलगाड़ी, जरा सोच के बताना, लटें उड़ने से बसंत नहीं आता, नंगी कविता : अंधा कवि – काव्य संग्रह आदि शोध एवं साहित्यिक कृतियाँ शामिल हैं।
.jpg)
0 Comments