Satyagraha: The New Avatar of Gandhi's Resistance
This editorial argues that the recent success of Gen Z–led protests has challenged the widespread belief that Gandhian satyagraha had become obsolete in contemporary India. Contrary to the expectations of many intellectuals, including Anand Teltumbde, the movement demonstrated that non-violent resistance has not disappeared—it has evolved.
The article compares Gandhi's satyagraha, rooted in moral discipline, self-suffering, and ethical persuasion, with the digital-age activism of Generation Z, which relies on constitutional rights, human rights, social media, artificial intelligence, satire, memes, and creative public expression. Rather than responding to state repression with fear, Gen Z often transforms it into symbolic resistance—turning water cannons into "rain dances," answering police violence with humor, and challenging social taboos through innovative forms of protest.
The editorial contends that these methods do not reject Gandhi's philosophy; instead, they reinterpret its core principles for the twenty-first century. While the tools and cultural language of resistance have changed, the essence of satyagraha—fearless, non-violent opposition to injustice—remains intact. The article concludes that Gen Z represents not the end of Gandhian resistance, but its contemporary evolution in a digitally connected democracy.
इतिहास के आइने में आधुनिक प्रतिरोध
पिछले लेखों में हमने जिस आशंका के साथ गाँधी के सत्याग्रह की प्रासंगिकता पर सवाल उठाए थे, वह केवल हमारी नहीं, बल्कि समकालीन समय के एक बड़े बौद्धिक वर्ग की सोच थी। प्रसिद्ध विचारक आनंद तेलतुंबड़े जैसे चिंतकों ने भी वर्तमान सत्ता और व्यवस्था के तेवर को देखते हुए यही माना था कि अब पुराने किस्म के आंदोलन अपनी उपयोगिता खो चुके हैं और सत्ता के क्रूर शिकंजे में फंसकर अंततः बदनामी या हताशा के गर्त में ही विलीन हो जाएंगे। तब हमारा आकलन यह था कि आज का दौर वैचारिक रूप से इतना निष्ठुर हो चुका है कि कोई भी प्रतिरोध टिक नहीं पाएगा। लेकिन इतिहास अपनी गति खुद तय करता है, और कई बार हमारे सबसे पुख्ता विश्लेषणात्मक अनुमान भी गलत साबित हो जाते हैं। जेन-जेड (Gen-Z) पीढ़ी ने अपने अनूठे और अप्रत्याशित सत्याग्रह से तमाम आशंकाओं को निर्मूल साबित कर दिया है। यह आंदोलन न केवल सफल रहा है, बल्कि इसने प्रतिरोध के पूरे व्याकरण और संस्कृति को ही बदलकर रख दिया है। अब यह देखना अनिवार्य हो गया है कि महात्मा गाँधी के दौर के सत्याग्रह और आज की इस डिजिटल पीढ़ी के संघर्ष में बुनियादी फर्क क्या है।
दो युग: अभावों का अनुशासन बनाम सुविधाओं की स्वतंत्रता
गाँधी का कालखंड अभावों, संसाधनों की भारी कमी और शिक्षा के सीमित दायरे का था। सूचनाओं और खबरों के आदान-प्रदान के लिए समाज पूरी तरह से अखबारों पर निर्भर था। उस समाज में एक आज्ञाकारी, अनुशासित और आदर्शवादी जीवनशैली को ही सर्वोपरि माना जाता था। गाँधीजी के सत्याग्रह का आधार आत्मपीड़न, उपवास, त्याग और नैतिक सुचिता के उच्च मानक थे। वह एक ऐसा दौर था जहाँ सत्ता के क्रूर शासन के सामने एक गंभीर और नैतिक दबाव बनाने की आवश्यकता थी।
इसके विपरीत, आज की जेन-जेड(Gen-Z) पीढ़ी आधुनिक सुविधाओं, इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की असीम ताकतों से लैस है। गाँधीजी जहाँ नैतिक आदर्शों की स्थापना पर जोर देते थे, वहीं यह पीढ़ी पारंपरिक और थोपे गए आदर्शों को बेहिचक तोड़ती है। यह नैतिकताओं के बंधनों से मुक्त, स्वतंत्र, रचनात्मक और मानवाधिकारों तथा संविधान प्रदत्त अधिकारों से पूरी तरह लैस है।
हँसी और उपहास से पस्त होती सत्ता की क्रूरता
आज के इस नए सत्याग्रह का सबसे दिलचस्प पहलू इसका अंदाज है। यह पीढ़ी आदर्शों को पूजने या उनके बोझ तले दबने के बजाय उनका मज़ाक बनाती है। श्लीलता और अश्लीलता की पारंपरिक रेखाओं को लांघते हुए, यह विरोध प्रदर्शन को एक भारी-भरकम और डरावनी कसमसाहट के रूप में नहीं, बल्कि 'इन्जॉय' करते हुए आगे बढ़ाती है।
जब राज्य की सत्ता अपनी पूरी क्रूरता के साथ दमन पर उतरती है—जब पुलिस की लाठियाँ बरसती हैं—तो यह पीढ़ी डरने या बिखरने के बजाय प्रेम और उपहास का अस्त्र चलाती है। पुलिस से पिटने के बाद भी उनके चेहरे पर शिकन नहीं होती, बल्कि वे अपनी कला, मीम्स और हास्य से उस खाकी की क्रूरता का मज़ाक उड़ाते हैं।
जब दमन करने वाली मशीनरी के सामने विरोध करने वाले लोग भयभीत होने के बजाय उस पर मुस्कुराने लगें, तो सत्ता की सारी क्रूरता बेमानी हो जाती है। उसका खौफ और प्रभाव शून्य हो जाता है।
नया सवेरा, नए आयाम
गाँधी का सत्याग्रह उस समय की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों की माँग था, जिसने देश को आजादी दिलाई। लेकिन आज का जेन-जेड सत्याग्रह इस बात का प्रमाण है कि अन्याय के खिलाफ खड़े होने के लिए अब सिर्फ सिसकियों और आत्मपीड़न की जरूरत नहीं है, बल्कि बौद्धिक चातुर्य, डिजिटल नेटवर्क और बेपरवाह रचनात्मकता भी एक अचूक हथियार बन सकती है। समय बदल चुका है, प्रतिरोध के तौर-तरीके बदल चुके हैं, और जो समाज इन बदलावों को नहीं समझेगा, वह इतिहास की दौड़ में पीछे छूट जाएगा। जेन-जेड ने यह साबित कर दिया है कि सत्ता के अहंकार को कुचलने के लिए गंभीर चेहरों की नहीं, बल्कि स्वतंत्र और अदम्य मुस्कान की जरूरत होती है।
Dr. R. Achal Pulastey
Editor-in-Chief, Eastern Scientist
He is a multifaceted scholar with a keen insight into—and a research focus on—socio-cultural, folkloric-literary, economic, and geopolitical changes.
Article Views :
How to Cite this Article :
Related Articles

0 Comments