बरसाती ज्वर में आयुर्वेद चिकित्सा: वायरल फीवर, रोग प्रतिरोधक क्षमता और प्रभावी आयुर्वेदिक उपचार

Public Discourse | Ayurvea|Health
Published: June 03, 2026 | Author: प्रो.(डॉ.) जे.एस. त्रिपाठी

Ayurvedic Management of Seasonal Monsoon Fever: Seasonal Transition, Immunity and Therapeutic Approach

The onset of the monsoon season, corresponding to the Pravrit Ritu (mid-June to mid-August) in Ayurveda, is considered a period of seasonal transition that predisposes individuals to various infectious diseases. Increased humidity, abrupt climatic changes, and the aggravation of Vata Dosha, along with weakened Vyadhikshamatva (immune competence), create favorable conditions for viral respiratory infections commonly manifested as fever, cold, cough, body ache, fatigue, heaviness, loss of appetite, and general weakness.
From the Ayurvedic perspective, the clinical presentation of any disease depends upon Desha (geographical conditions), Kala (seasonal factors), and Bala-Abala (the patient's constitutional strength and immunity). Therefore, although viral variants may differ in modern medical understanding, Ayurveda emphasizes the underlying imbalance of Vata, Pitta, and Kapha Doshas, enabling treatment to be directed toward correcting the pathological process rather than merely suppressing symptoms.
Most seasonal viral fevers resemble Vata-Kaphaja (Vata-Shleshmika) Jwara, characterized by rhinitis, cough, heaviness, drowsiness, joint pain, nasal irritation, moderate fever, and fatigue. In individuals with strong immunity, the disease is generally self-limiting within three to seven days. However, compromised immunity may lead to deeper respiratory involvement and progression toward Tridoshaja Jwara, resulting in inflammation and respiratory complications.
Ayurvedic management aims not only to alleviate fever but also to restore doshic balance and strengthen host immunity through Rasayana therapy. Classical formulations such as Panchakola Kwatha, Brihat Pippalyadi Kwatha, Tribhuvan Kirti Rasa, Lakshmivilasa Rasa, Godanti Bhasma, Abhraka Bhasma, Jwarasamhara Rasa, Vatashleshmantaka Rasa, and Shwasakuthara Rasa are selected according to the patient's constitution, disease severity, and clinical presentation. Preventive measures during the seasonal junction include the judicious use of Sanjeevani Vati, Trikatu Churna, Guduchi-Trikatu, Madhuyashti-Ashwagandha, and other immunomodulatory formulations under medical supervision.
The article emphasizes that all Ayurvedic medicines, particularly Rasa, Bhasma, and mineral-based formulations, should be used only under the guidance of a qualified and registered Ayurvedic physician, as their selection and dosage require individualized clinical assessment. Likewise, patients developing persistent high fever, respiratory distress, altered consciousness, or other serious symptoms should seek immediate modern medical care.
The article concludes that Ayurveda offers a holistic and patient-centered approach to the prevention and management of seasonal monsoon fever by integrating dosha-based diagnosis, Rasayana therapy, and individualized treatment, while advocating responsible medical supervision and timely referral whenever clinically indicated.

ऋतु परिवर्तन, रोग प्रतिरोधक क्षमता और उपचार

आषाढ़ और श्रावण (लगभग 15 जून से 15 अगस्त) के मध्य का समय आयुर्वेद में प्रावृट ऋतु अथवा वर्षा ऋतु का प्रारंभिक संक्रमणकाल माना गया है। ग्रीष्म ऋतु के पश्चात वर्षा के आगमन पर वातावरण में आर्द्रता (उमस) बढ़ जाती है तथा धरती से उठने वाली भाप और मौसम में अचानक परिवर्तन के कारण शरीर में वात दोष का प्रकोप होने लगता है। इस समय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (व्याधिक्षमत्व) अपेक्षाकृत कमजोर पड़ सकती है, जिससे विभिन्न प्रकार के संक्रमणों की संभावना बढ़ जाती है।

ऐसे संक्रमणों में सामान्यतः सर्दी-जुकाम, गले में खराश, शरीर में दर्द, भारीपन, थकान, स्वादहीनता तथा ज्वर जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। अधिकांश वायरल संक्रमण 3 से 7 दिनों में नियंत्रित हो जाते हैं, किंतु यदि संक्रमण ऊपरी श्वसन तंत्र से फेफड़ों तक पहुँच जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान इसे सामान्यतः वायरल फीवर अथवा वायरल श्वसन संक्रमण की श्रेणी में रखता है। विभिन्न विषाणु (Virus) समय-समय पर रूपांतरित (Virus Variation) होते रहते हैं, इसलिए इनके लक्षणों में भी परिवर्तन देखा जाता है। इस वर्ष यह भी देखा जा रहा है कि ज्वर उतरने के बाद अनेक रोगियों में कमजोरी कई दिनों तक बनी रहती है।

आयुर्वेद का दृष्टिकोण

आयुर्वेद के अनुसार किसी भी रोग का स्वरूप देश, काल तथा रोगी के बलाबल (शारीरिक क्षमता एवं रोग प्रतिरोधक शक्ति) पर निर्भर करता है। इसलिए एक ही रोग अलग-अलग व्यक्तियों में भिन्न लक्षणों एवं विभिन्न तीव्रता के साथ प्रकट हो सकता है।

आधुनिक चिकित्सा विज्ञान इन परिवर्तनों का प्रमुख कारण विषाणुओं का रूपांतरण (Virus Variation) मानता है, जबकि आयुर्वेद के अनुसार मूल विकृति दोषों (वात, पित्त एवं कफ) के असंतुलन से संबंधित होती है। इसलिए आयुर्वेद में केवल लक्षणों का उपचार नहीं किया जाता, बल्कि दोषों के शमन तथा रोगी की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया जाता है। यही कारण है कि बदलते विषाणु संक्रमणों में भी आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रभावी हो सकती है।

वात-कफज (वातश्लेष्मिक) ज्वर

आयुर्वेदिक दृष्टि से अधिकांश मौसमी वायरल संक्रमण वात-कफज (वातश्लेष्मिक) ज्वर के लक्षण प्रदर्शित करते हैं। ऐसे रोगों में बाह्य विषाणुओं के संक्रमण से कफ धातु प्रभावित होती है, जिसके कारण निम्नलिखित लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं—

  • प्रतिश्याय (सर्दी-जुकाम)
  • कास (खाँसी)
  • अरुचि
  • तंद्रा एवं आलस्य
  • शरीर में भारीपन
  • संधियों एवं मांसपेशियों में दर्द
  • सिर में जकड़न
  • नाक बहना अथवा नाक एवं गले में खुजली
  • मध्यम ज्वर (100–102°F)
  • अत्यधिक थकान

यदि रोग प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ हो तो शरीर 3–7 दिनों में संक्रमण पर नियंत्रण प्राप्त कर लेता है। किंतु प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने पर वात दोष अधिक विकृत होकर फेफड़ों तथा हृदय पर भी प्रभाव डाल सकता है। ऐसी स्थिति में श्वास लेने में कठिनाई, अत्यधिक कमजोरी तथा आगे चलकर पित्त दोष के सम्मिलित होने पर सूजन (Inflammation) जैसी जटिलताएँ उत्पन्न हो सकती हैं। आयुर्वेद में इस अवस्था को त्रिदोषज प्रतिश्यायिक ज्वर कहा गया है।

यह आवश्यक नहीं कि प्रत्येक रोगी में सभी लक्षण उपस्थित हों। रोग की प्रकृति, रोगी की जीवनशैली, निवास स्थान तथा शारीरिक क्षमता के अनुसार लक्षणों में परिवर्तन संभव है। इसलिए आयुर्वेद में लक्षणों के साथ-साथ दोषों की स्थिति का भी मूल्यांकन कर उपचार किया जाता है।

आयुर्वेदिक चिकित्सा का सिद्धांत

आयुर्वेद में उपचार का उद्देश्य केवल ज्वर कम करना नहीं, बल्कि दोषों का संतुलन स्थापित करना तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता (व्याधिक्षमत्व) को सुदृढ़ करना भी है। इसी कारण आवश्यकता के अनुसार रसायन चिकित्सा का भी प्रयोग किया जाता है।

तीव्र अथवा जटिल अवस्थाओं में आयुर्वेद में वर्णित रस-भस्म आधारित औषधि योग भी अनुभवी चिकित्सकों द्वारा रोग की अवस्था के अनुसार उपयोग किए जाते हैं।

वात-कफज ज्वर में उपयोगी आयुर्वेदिक औषधियाँ

  • पंचकोल क्वाथ
  • वृहद् पिप्पल्यादि क्वाथ
  • वचादि क्वाथ
  • त्रिभुवन कीर्ति रस
  • लक्ष्मीविलास रस
  • गोदन्ती भस्म
  • टंकण भस्म
  • अभ्रक भस्म
  • ज्वरसंहार रस
  • श्रृंग भस्म
  • वातश्लेष्मान्तक रस
  • श्वासकुठार रस
  • श्वास-कास-चिंतामणि रस

इन औषधियों का चयन रोग की अवस्था, रोगी की आयु, प्रकृति तथा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों के अनुसार किया जाता है।

संक्रमण से बचाव

  • लक्ष्मीविलास रस
  • संजीवनी वटी
  • त्रिकटु चूर्ण
  • वासा-त्रिकटु योग
  • गिलोय-त्रिकटु
  • मधुयष्टि-अश्वगंधा
  • रससिंदूर

आयुर्वेद में ऋतु-संधि काल को संक्रमण की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना गया है। इसी कारण इसे यमदंष्ट्रा काल कहा गया है। इस अवधि में संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम, स्वच्छता, हल्का एवं सुपाच्य भोजन तथा चिकित्सकीय परामर्शानुसार रसायन चिकित्सा अपनाकर संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है।

आवश्यक सावधानी

आयुर्वेद में वर्णित सभी औषधियाँ, विशेषकर रस, भस्म एवं खनिज-आधारित औषधियाँ, अत्यंत प्रभावशाली होती हैं। इनका चयन रोग की अवस्था, रोगी की आयु, प्रकृति, शारीरिक क्षमता तथा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाता है। अतः किसी भी आयुर्वेदिक दवा का स्वयं सेवन नहीं करना चाहिए। आयुर्वेदिक दवाओं का प्रयोग भी केवल प्रशिक्षित एवं पंजीकृत आयुर्वेद चिकित्सक की सलाह और निगरानी में ही करना चाहिए।

इसी प्रकार यदि रोगी को लगातार तेज बुखार, साँस लेने में कठिनाई, ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक कमजोरी, भ्रम, बेहोशी अथवा अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो बिना विलंब आधुनिक चिकित्सा सुविधा प्राप्त करनी चाहिए।

निष्कर्ष

ऋतु परिवर्तन के समय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ बनाए रखना, संतुलित आहार-विहार अपनाना तथा समय रहते उचित चिकित्सा लेना ही बरसाती ज्वर से बचाव का सर्वोत्तम उपाय है। आयुर्वेद अपने दोष-सिद्धांत, रसायन चिकित्सा तथा रोगी-केंद्रित उपचार पद्धति के माध्यम से ऐसे मौसमी वायरल संक्रमणों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। किन्तु प्रत्येक रोगी की चिकित्सा व्यक्तिगत होती है, इसलिए आयुर्वेदिक औषधियों का सेवन सदैव प्रशिक्षित एवं पंजीकृत आयुर्वेद चिकित्सक के परामर्श से ही करना चाहिए। इससे उपचार अधिक सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक बनता है।

Prof J S Tripathi
About the Author

प्रो. (डॉ.) जे.एस. त्रिपाठी, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी के आई.एम.एस. (IMS) आयुर्वेद संकाय में कायचिकित्सा के प्रोफेसर हैं। आपके अनेक शोधपत्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं। लंबे चिकित्सकीय अनुभव के साथ आप शिक्षण, शोध व चिकित्सा के अनेक पुरस्कारों से सम्मानित हैं। प्रो. त्रिपाठी ‘ईस्टर्न साइंटिस्ट’ के संपादक मंडल के सम्मानित सदस्य हैं।

  • Journal Home
  • Article Views :

    How to Cite this Article :


    Related Articles

    Post a Comment

    0 Comments