देवी कामाख्या-6: अम्बुवाची पर्व — लोक-दर्शन, शास्त्र और ब्रह्मांडीय नव-सृजन का रहस्यमयी सत्य

Culture | संस्कृति

Date : June 13, 2026   |   Author : डॉ. अचल पुलस्तेय

Goddess Kamakhya-6: 'Ambubachi Parva' — Folklore, Philosophy, and the Esoteric Mystery of Cosmic Regeneration

Drawing from the author's acclaimed travelogue 'Kuruna se Kamakhya', this paper investigates the Ambubachi festival as a subaltern and phenomenological celebration of cosmic fertility. Transcending conventional Puranic constructs and Vedic notions of ritual pollution, the study deconstructs the unique Assamese socio-cultural ethos that venerates the menstruation of Goddess Kamakhya. By synthesizing the geological reality of the Brahmaputra’s seasonal discoloration with the structural principles of Ayurveda’s Adana-Visarga Kala, the author conceptualizes the transition from Uttarayana to Dakshinayana as a perpetual cycle of destruction and regeneration. The sacred red cloth (Angavastra) distributed during the carnival is analyzed not as mere superstition, but as an empirical locus of subaltern empowerment and community resilience. The paper concludes that Kamakhya embodies the earth itself—a grand equilibrium of heat and moisture—where life is continuously reproduced against the orthodox linear teleology of cosmic apocalypse.

Keywords: Ambubachi Parva, Menstruation Taboo, Subaltern Empowerment, Cosmic Regeneration, Adana-Visarga Kala, Vernacular Geography.

पूर्वोत्तर के नीलांचल पर्वत की कंदराओं से फूटने वाली शाक्त चेतना का चरम बिंदु 'अम्बुवाची पर्व' है। यह पर्व केवल एक धार्मिक मेला नहीं, बल्कि भारतीय उपमहाद्वीप में स्त्री-देह की प्राकृतिक और जैविक प्रक्रियाओं को ब्रह्मांडीय नव-सृजन से जोड़ने वाला एक अप्रतिम लोक-दर्शन है। अपनी यात्रा कथा 'कुरुना से कामाख्या' के अनुभवों को साझा करते हुए, जब मैं इस उत्सव की गहराई में उतरता हूँ, तो मुझे यह पर्व शास्त्र के वर्चस्व के विरुद्ध लोक की सबसे जाग्रत और मौन अभिव्यक्ति के रूप में दिखाई देता है।

Ma Kamakhya Temple Ambuvachi Parvo

रजस्वला होना भी पुण्य और पूज्य है, क्योंकि यही सृष्टि-सृजन का आधार है जिसकी वजह से यह पूरी पृथ्वी जीवंत और चलायमान है।


लोकाचार, आस्था और कपाटबंदी का विधान

प्रतिवर्ष 22 से 26 जून के बीच, जब आकाश में आर्द्रा नक्षत्र का संचरण होता है, तब नीलांचल पीठ पर अम्बुवाची पर्व मनाया जाता है। असमी संस्कृति में 'अम्बुवाची' का सीधा अर्थ देवी का रजस्वला काल है। लोक-मान्यता है कि इस विशिष्ट कालखंड में जगज्जननी आद्याशक्ति ऋतुमती होती हैं।

  • गर्भगृह का नियम और कपाटबंदी: इन तीन दिनों के लिए माँ के मंदिर के कपाट पूरी तरह बंद कर दिए जाते हैं। इस अवधि में पुरुष पुजारियों का गर्भगृह में प्रवेश सर्वथा वर्जित होता है। केवल महिला पुजारिनें ही अंदर जाकर सफ़ाई करती हैं और सवा सौ गज लाल रेशमी वस्त्र से मुख्य योनिकुण्ड को आच्छादित (ढक) करती हैं। सभी बाह्य कर्मकांड और साधनाएं मंदिर परिसर के बाहर से ही संपन्न की जाती हैं।
  • रेशमी रक्त वस्त्र: जनमानस का आत्मबल: तीन दिन बाद जब मंदिर के कपाट खुलते हैं, तो योनिकुण्ड को ढकने के लिए प्रयुक्त किया गया वह लाल रेशमी कपड़ा पंडों द्वारा छोटे-छोटे टुकड़ों में प्रसाद रूप में वितरित किया जाता है। लोक-आस्था है कि इस वस्त्र को घर में रखने या ताबीज में धारण करने से सुख-समृद्धि बनी रहती है और सभी प्रकार के अभिचार कर्म, जादू-टोने व ग्रहों के दुष्प्रभाव नष्ट हो जाते हैं। इस लोक-विश्वास को खारिज करना आसान नहीं है; क्योंकि जब भावना सघन होती है, तो वही भगवान बन जाती है। यही आम आदमी का असली आत्मबल है।
  • घर-घर में लोकाचार का पालन: यह पर्व केवल नीलांचल तक सीमित नहीं है, बल्कि असम के घर-घर में धड़कता है। इन दिनों असमी परिवारों की स्त्रियाँ स्वयं रजस्वला होने के पारंपरिक आचार-व्यवहार और कड़े नियमों का पालन करती हैं। तीन दिन बाद स्नानादि से निवृत्त होकर वस्त्राभूषणों से कौमारियों (कन्याओं) का पूजन कर उन्हें आदरपूर्वक भोजन कराया जाता है।
मेला और उत्सव का समापन: इस सात दिवसीय मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, अध्येता, तांत्रिक, अघोरी और सिद्ध साधक आते हैं, जो अपनी-अपनी पद्धतियों से भजन, साधना और पंचमकार अर्पित करते हैं। तीन दिन बाद जब पुरुष पुजारी नृत्य-वाद्य के साथ पुनः प्रवेश करते हैं, तो पूरा असम उत्सव के रंग में सराबोर हो जाता है। इस मेले में जाति-धर्म-देश की सीमायें टूट जाती है। नेपाल,पाकिस्तान,वर्मा,बंगला देश,चीन,श्रीलंका तंत्र साधक विभिन्न वेशभूषा में आते है, जिसमे मुसलमान,बौद्ध,ईसाई भी होते हैं। यह दुनिया का अकेला मंदिर है,जहाँ जाति धर्म की सीमायें नहीं है। मेला समाप्त होते ही यहाँ भारी वर्षा होती है, जिससे प्रकृति स्वयं पूरे पहाड़ की सफ़ाई और धुलाई कर देती है।

प्राकृतिक यथार्थ और भौगोलिक नृविज्ञान

अम्बुवाची के समय योनिकुण्ड और कभी-कभी ब्रह्मपुत्र नदी का जल भी रक्त की भांति लाल दिखाई देने लगता है। इसके पीछे का प्राकृतिक यथार्थ अत्यंत वैज्ञानिक है। ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी लोहित तिब्बत से निकलकर 'मैंसिल' (एक प्रकार का लाल खनिज/सिंदूर पत्थर) युक्त लाल चट्टानों के बीच से गुजरते हुए अरुणाचल के रास्ते ब्रह्मपुत्र में मिलती है। जून के महीने में अत्यधिक वर्षा और बाढ़ के कारण जब जल का प्रवाह तीव्र होता है, तो इन लाल पत्थरों के घर्षण से पानी का रंग पूरी तरह लाल हो जाता है।

आदिम काल के मानव ने प्रकृति की इस अनूठी भौगोलिक घटना को देवी कामाख्या के रजस्वला स्वरूप के रूप में देखा और स्वीकारा। वास्तव में, रजस्वला काल के बाद ही तो गर्भधारण और नवीन सृजन संभव होता है। आर्द्रा नक्षत्र के आते ही धरती आद्र (नम) होती है, मूसलाधार वर्षा शुरू होती है और सूखी पृथ्वी पुनः हरी-भरी होकर नव-सृजन के मार्ग पर अग्रसर हो जाती है।


अम्बुवाची पर्व-दर्शन: वैदिक सभ्यता बनाम लोक-संस्कृति

स्त्री-देह की जो प्राकृतिक प्रक्रिया यानी रजःस्राव (Menstruation) स्त्रीत्व का मूल आधार है, उसे भारत के शेष हिस्सों या शास्त्रीय वैदिक सभ्यता में 'अपवित्र' और 'वर्जित' काल माना गया है। इसके विपरीत, असमी संस्कृति और कामाख्या का लोक-दर्शन इसे परम 'पुण्य' और 'पूज्य' मानता है। देवी कामाख्या के ध्यान मंत्र में भी इस आदिम सत्य को बिना किसी संकोच के परम पावन रूप में स्वीकार किया गया है—

योनि मात्र शरीराया अम्बुवासिनी कामदा।
रजस्वला महातेजा ध्यायेत् कामाक्षी सर्वदा।।

(अर्थात्: जो केवल योनि स्वरूपा हैं, अम्बु/जल में वास करने वाली हैं, कामनाओं को पूर्ण करने वाली हैं; जो स्वयं रजस्वला और महान तेज से दीप्तिमान हैं, उन कामाक्षी देवी का सर्वदा ध्यान करना चाहिए।)

वास्तव में, देवी कामाख्या कोई और नहीं, बल्कि इस समग्र प्रकृति और वसुंधरा का ही दूसरा नाम हैं। यह संपूर्ण सृष्टि मूलतः ताप (अग्नि) और नमी (जल) का एक अद्भुत समीकरण है,जो लगातार सृजन और संहार का एक अनंत वर्तुल (Circle) बनाती है। ऊर्जा के इसी सृजन-ध्वंस गुणधर्म का प्रत्यक्ष स्वरूप शक्ति है। ताप जहाँ महाकाली का संहारक रूप है, वहीं नमी उनका सर्जनात्मक स्वरूप है। सौरमंडल में सूर्य ताप (शिव) है और चंद्रमा नमी (शक्ति)। इन दोनों के सामरस्य का ही परिणाम यह चराचर जगत है, जिसे शक्ति उपासना का ध्यान मंत्र रेखांकित करता है:

"सूर्यकोटिप्रतीकाशं चन्द्रकोटिसुशीतलम्..."


आयुर्वेद का दार्शनिक सेतु: आदानकाल और विसर्गकाल

जब हम पृथ्वी की खगोलीय गति को देखते हैं, तो सूर्य की परिक्रमा करती धरती अपने अक्ष पर झुकी होने के कारण कालगणना में उत्तरायण और दक्षिणायन निर्मित करती है। 21 दिसंबर से उत्तरायण शुरू होते ही धरती का ताप तिल-तिल बढ़ने लगता है और आर्द्रता घटने लगती है। जून आते-आते यह ताप चरम पर पहुँच जाता है, जिससे असंख्य वनस्पतियों और जीवों का विनाश होता है तथा देह का बल घट जाता है। आयुर्वेद के महान सूत्रों में इसी उत्तरायण काल को 'आदानकाल' (ध्वंस काल) कहा गया है।

खगोलीय काल आयुर्वेदिक/प्राकृतिक संज्ञा कामाख्या दर्शन में स्वरूप
उत्तरायण (21 दिसंबर से) आदानकाल: ताप की वृद्धि, आर्द्रता का क्षय, शक्तियों का ध्वंस। संहारिका स्वरूप: शव-आसना, महातेजा चंडी।
दक्षिणायन (21 जून से) विसर्गकाल: नमी की वृद्धि, बादलों की वर्षा, नव-सृजन का प्रारंभ। सृजनकारिणी स्वरूप: ऋतुमती, रजस्वला, पीनस्तनी, प्रसूता।

21 जून को पृथ्वी के दक्षिण की ओर झुकते ही 'दक्षिणायन' यानी 'विसर्गकाल' (सृजन काल) प्रारंभ होता है। इसी संधिकाल पर अम्बुवाची पर्व की पीठिका टिकी है। इस दिन के बाद आषाढ़-श्रावण में बादल बनकर शिव बरसते हैं और फिर शुरू होता है शिव-शक्ति का वह विराट सामरस्य, जिससे पूरी प्रकृति एक प्रसूता स्त्री की भाँति हरी-भरी और सौंदर्य से परिपूर्ण हो जाती है।

हमारे ग्रन्थों ने महाप्रलय और नई सृष्टि की लंबी और काल्पनिक कथाएँ लिखकर हमें भ्रमित कर दिया है कि प्रलय किसी एक सुदूर दिन होगा; जबकि सत्य यह है कि प्रकृति में सृजन और संहार का यह चक्र अनवरत, प्रति क्षण चल रहा है। एक क्षण के लिए भी न सृष्टि रुकती है और न ही संहार। आद्याशक्ति कामाख्या ही उत्तरायण में संहारिका हैं और दक्षिणायन में सृजनकारिणी। इसीलिए वे शवासना भी हैं और रजस्वला भी; वे उत्पत्ति, पालन और प्रलय तीनों का शाश्वत सातत्य हैं।

निरंतरता का महाविमर्श

अम्बुवाची पर्व का वास्तविक लोक-दर्शन हमें सिखाता है कि जिसे मुख्यधारा की रूढ़ियों ने हीन या अपवित्र समझा, लोक-संस्कृति ने उसे ही अपनी आस्था के केंद्र में स्थापित कर सृष्टि के सबसे बड़े सत्य को स्वीकारा। असम के इस वितान से प्रकट होने वाली सृजन की यह मूक और सशक्त अभिव्यक्ति सदियों से बिना किसी भेदभाव के संपूर्ण उपद्वीप के जनमानस को आंतरिक शक्ति, समरसता और अटूट आत्मबल प्रदान कर रही है।

इस शृंखला का अगला भाग पढ़ें

देवी कामाख्या-7: बलि परम्परा—लोक, शास्त्र और संस्कृति

इस अंक में यह जानेंगे कि कामाख्या मंदिर सहित देश अन्य मंदिरों की बलि प्रथा का लोक आस्था और पौराणिक संदर्भ ?

Dr. Achal Pulastey
About the Author

डॉ. अचल पुलस्तेय एक समकालीन बहुविषयक विद्वान, सशक्त लेखक, चिंतक, लोक अध्येता, संपादक Burt कवि हैं। उनका लेखन सामाजिक यथार्थ, सांस्कृतिक परिवर्तन, लोक जीवन और मानवीय चेतना के गहन विश्लेषण के लिए जाना जाता है। वे ‘Eastern Scientist’ सहित विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े होकर समसामयिक विषयों पर वैचारिक लेख प्रस्तुत करते हैं। उनकी प्रमुख कृतियों में महान गणराज्य गढ़मण्डला-इतिहास, रिसर्च इन तप्पाडोमागढ़, कोरोना काल कथा-स्वर्ग में सेमीनार-उपन्यास, कुरुना से कामाख्या-यात्रिकी तथा लोकतंत्र और नदी, लोकतंत्र और रेलगाड़ी, जरा सोच के बताना, लटें उड़ने से बसंत नहीं आता, नंगी कविता : अंधा कवि – काव्य संग्रह आदि शोध एवं साहित्यिक कृतियाँ शामिल हैं।

संबंधित पिछले आलेख

Post a Comment

0 Comments