Public Discourse
Date :
Author : अचल पुलस्तेय
Between Power and People: The Two Faces of Literature”
Literature operates between two poles: one that seeks to influence society (sponsored) and one that reflects lived reality (realist). While sponsored literature can inspire and shape ideas, it often becomes a tool of power, promoting selective narratives and ignoring everyday struggles. In contrast, realist literature reveals truth as it is, provoking reflection rather than directing thought. Despite organized efforts, sponsored narratives rarely dominate collective consciousness; deep-rooted traditions and lived experiences endure, often absorbing or outlasting imposed ideas.
साहित्य दो ध्रुवों के बीच काम करता है: एक जो समाज को प्रभावित करने का प्रयास करता है (प्रायोजित) और दूसरा जो वास्तविक जीवन को प्रतिबिंबित करता है (यथार्थवादी)। प्रायोजित साहित्य विचारों को प्रेरित और आकार दे सकता है, लेकिन अक्सर यह सत्ता का एक उपकरण बन जाता है, चुनिंदा कथाओं को बढ़ावा देता है और रोजमर्रा के संघर्षों को अनदेखा करता है। इसके विपरीत, यथार्थवादी साहित्य सत्य को उसके वास्तविक रूप में प्रकट करता है, विचारों को निर्देशित करने के बजाय चिंतन को प्रेरित करता है। संगठित प्रयासों के बावजूद, प्रायोजित कथाएँ शायद ही कभी सामूहिक चेतना पर हावी होती हैं; गहरी जड़ें जमा चुकी परंपराएँ और वास्तविक अनुभव कायम रहते हैं, अक्सर थोपे गए विचारों को आत्मसात कर लेते हैं या उनसे आगे निकल जाते हैं।
Public discourse plays a vital role in shaping democratic thought and social awareness. It enables citizens, scholars and thinkers to critically reflect on contemporary issues affecting society, culture and governance.
साहित्य शब्दों का सजावटी उपक्रम नहीं है; वह मनुष्य की अंतरात्मा में उठती हलचलों का साक्ष्य है। वह कभी आईना बनकर हमारे सामने खड़ा होता है, तो कभी चुपचाप हमारी उँगली पकड़कर हमें एक अनजानी दिशा की ओर ले चलता है। इसी दोहरी प्रकृति में साहित्य के दो ध्रुव दिखाई देते हैं—एक वह जो समाज को प्रभावित करने के लिए रचा जाता है, और दूसरा वह जो समाज की धूल, उसकी थकान और उसकी सच्चाइयों से उपजता है। यही द्वंद्व साहित्य की जीवंतता है। प्रायोजित साहित्य को यदि केवल ‘उद्देश्यपूर्ण’ कहकर छोड़ दिया जाए, तो बात अधूरी रह जाती है। दरअसल यह साहित्य उस क्षण जन्म लेता है जब रचनाकार अपने भीतर के विचार को केवल व्यक्त ही नहीं करना चाहता, बल्कि उसे स्थापित भी करना चाहता है। वह चाहता है कि समाज उसकी दृष्टि से देखे, उसकी संवेदना से सोचे और उसके स्वप्न को अपना ले। यहाँ शब्दों में एक आग्रह होता है, एक प्रकार की आंतरिक अधीरता, जो पाठक को निष्क्रिय नहीं रहने देती। वह उसे झकझोरती है, पुकारती है, और कई बार एक सामूहिक भावनात्मक लय में बाँध देती है। लेकिन यहीं से एक महीन-सी दरार भी शुरू होती है। जब यही साहित्य किसी सत्ता, किसी वर्चस्वशाली विचार या किसी संगठित उद्देश्य के अधिक निकट चला जाता है, तो उसका स्वर बदलने लगता है। वह प्रेरणा का माध्यम कम और नियंत्रण का औज़ार अधिक बनने लगता है। शब्द तब संवाद नहीं करते, वे दिशा-निर्देश देने लगते हैं। वे पाठक के भीतर प्रश्न नहीं जगाते, बल्कि उत्तर आरोपित करते हैं। ऐसी स्थिति में आम जनजीवन की वे दरारें, वे असुविधाजनक सच्चाइयाँ—जो साहित्य का असली आधार होती हैं—धीरे-धीरे ओझल होने लगती हैं। गरीबी, विसंगतियाँ, हाशिए के जीवन की खुरदरी सच्चाई—ये सब एक चमकीले नैरेटिव के नीचे दब जाती हैं। साहित्य तब एक तरह की सुव्यवस्थित चुप्पी रचता है, जिसमें बहुत कुछ कहा जाता है, पर बहुत कुछ छिपा भी लिया जाता है। फिर भी, प्रायोजित साहित्य की तमाम संगठित कोशिशों के बावजूद ‘लोक’ को पूरी तरह अपने प्रभाव में बाँध लेना संभव नहीं हो पाता। लोक की स्मृति, उसकी आस्थाएँ और उसकी परम्पराएँ इतनी गहरी और बहुपरत होती हैं कि वे किसी एकरेखीय विचार से पूरी तरह संचालित नहीं होतीं। यही कारण है कि हजारों वर्षों पुरानी विविध मान्यताएँ, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक व्यवहार आज भी जीवित दिखाई देते हैं। वे समय के साथ बदलते अवश्य हैं, पर समाप्त नहीं होते। इसके विपरीत, प्रायोजित प्रयास अक्सर समाज के एक खास हिस्से में ही संगठित रूप से दिखाई देते हैं। उनका प्रभाव तीव्र होता है, पर व्यापक और स्थायी नहीं। समय के साथ या तो वे अपनी धार खो देते हैं, या फिर धीरे-धीरे लोक के भीतर समाहित होकर अपनी मूल पहचान बदल लेते हैं। इसके ठीक विपरीत, यथार्थ से जन्म लेने वाला साहित्य किसी मंच या उद्घोषणा का मोहताज नहीं होता। वह धीरे-धीरे, लगभग अनायास, जीवन की दरारों से रिसता हुआ बाहर आता है। उसमें कोई पूर्वनियोजित दिशा नहीं होती, कोई घोषित लक्ष्य नहीं होता। वह केवल देखता है, महसूस करता है और उसी अनुभव को शब्दों में ढाल देता है। यहाँ रचनाकार मार्गदर्शक नहीं, बल्कि साक्षी होता है—एक ऐसा साक्षी, जो न तो आँखें मूँद सकता है और न ही देखे हुए को सुंदर बनाकर प्रस्तुत कर सकता है। इसलिए उसका साहित्य कभी-कभी असहज करता है, कभी भीतर तक खरोंच देता है। वह हमें यह नहीं बताता कि क्या होना चाहिए; वह केवल यह दिखाता है कि क्या है—और यही उसका सबसे बड़ा साहस है। फिर भी इन दोनों के बीच कोई दीवार नहीं है। जो साहित्य समाज को दिशा देना चाहता है, वह भी अंततः यथार्थ की ही मिट्टी से अपना आकार लेता है। और जो साहित्य यथार्थ को पकड़ता है, वह भी अपने भीतर कहीं न कहीं एक मौन आकांक्षा छिपाए रहता है—कि यह यथार्थ बदल सके। अंतर केवल इतना है कि एक इसे ऊँचे स्वर में कहता है, और दूसरा इसे भीतर ही भीतर महसूस कराता है। आज जब अभिव्यक्ति के साधन तेज़, व्यापक और त्वरित हो गए हैं, यह भेद और अधिक धुँधला हो गया है। हर शब्द के पीछे एक संभावना है—प्रभावित करने की भी और प्रभावित होने की भी। ऐसे समय में यह समझना और भी ज़रूरी हो जाता है कि साहित्य केवल वह नहीं है जो दिखता है, बल्कि वह भी है जो छूट जाता है, जो दबा दिया जाता है, या जिसे जानबूझकर अनकहा रखा जाता है। अंततः, साहित्य की सार्थकता इसी में है कि वह न तो पूरी तरह उपदेश बन जाए और न ही केवल निष्क्रिय प्रतिबिंब रह जाए। जब वह यथार्थ की कठोरता को स्वीकारते हुए भी एक सूक्ष्म मानवीय आकांक्षा को बचाए रखता है, तब वह अपने सबसे प्रामाणिक रूप में उपस्थित होता है। वह हमें हमारे समय से परिचित कराता है, और साथ ही यह भी संकेत देता है कि समय को बदला जा सकता है—यदि हम उसे सचमुच देख पाने का साहस रखें।
Public Discourse Archive
Related Articles
0 Comments