Women’s Reservation in Indian Parliament: Representation or Symbolism?
The proposal to expand the number of seats in the Indian Parliament by nearly 33% and introduce women’s reservation is being widely projected as a progressive step toward gender equality. However, a closer examination reveals several structural and political concerns that warrant serious debate. One major issue arises from the likely redistribution of seats based on population, which has triggered opposition from southern states that have successfully implemented population control measures. This raises questions about federal balance and equitable political representation.
Further, the effectiveness of women’s representation remains uncertain. Experiences from local governance indicate that elected women representatives often lack real decision-making power, with authority informally exercised by male counterparts. This suggests that numerical representation alone may not translate into genuine empowerment.
The historical experience of caste-based reservations also indicates that political representation does not automatically ensure social justice. Marginalized groups often remain constrained by party structures and systemic limitations. In this context, concerns about minority women’s representation become even more critical. Without clear provisions for inclusivity, there is a risk that the benefits of reservation may be concentrated among socially and economically privileged sections.
Ultimately, the success of such a policy depends not only on legislative measures but also on broader social transformation. Deep-rooted patriarchal attitudes, lack of education, and institutional barriers continue to limit women’s agency. Therefore, women’s reservation must be accompanied by structural reforms to ensure meaningful and inclusive empowerment, rather than remaining a symbolic political gesture.
भारत सरकार द्वारा सांसदों की सीटों में लगभग 33 प्रतिशत (करीब 300 सीटें) वृद्धि और महिला आरक्षण का प्रस्ताव पहली दृष्टि में स्वागत योग्य प्रतीत होता है। इसे लोकतंत्र में लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। किंतु इसके निहितार्थों पर गंभीर प्रश्न उठना स्वाभाविक है—और आवश्यक भी।
सबसे पहला विरोध दक्षिण भारतीय राज्यों की ओर से सामने आया है। उनका तर्क है कि उन्होंने परिवार नियोजन को सफलतापूर्वक लागू कर जनसंख्या को नियंत्रित किया और सामाजिक-आर्थिक विकास हासिल किया। यदि संसदीय सीटों का पुनर्विन्यास जनसंख्या के आधार पर होता है, तो उत्तर भारतीय राज्यों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे दक्षिण का प्रभाव कमजोर हो सकता है। यह केवल संख्या का प्रश्न नहीं, बल्कि संघीय संतुलन और राजनीतिक आवाज़ के क्षरण का भी संकेत है।
दूसरा महत्वपूर्ण प्रश्न महिला प्रतिनिधित्व की वास्तविक प्रभावशीलता को लेकर है। पंचायत स्तर पर महिला आरक्षण पहले से लागू है, किंतु अनेक स्थानों पर “प्रधान-पति” या पुरुष संरक्षक ही वास्तविक सत्ता संचालित करते हैं। यह अनुभव बताता है कि प्रतिनिधित्व और अधिकार के बीच की दूरी अब भी बनी हुई है। ऐसे में यह मान लेना कि संसद में यह स्थिति स्वतः बदल जाएगी, एक सहज लेकिन संदिग्ध आशा है।
सबसे अहम सवाल यह है कि क्या संसदीय प्रतिनिधित्व से देश की महिलाओं की स्थिति में ठोस सुधार होगा? इतिहास इस संदर्भ में उत्साहजनक नहीं है। अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए 1952 से आरक्षण लागू है, परंतु उनके उत्पीड़न की घटनाएँ समाप्त नहीं हुईं। अनेक बार उनके प्रतिनिधि भी पार्टी अनुशासन से बंधे रहते हैं और स्वतंत्र स्वर में हस्तक्षेप नहीं कर पाते। महिला प्रतिनिधित्व भी इसी संरचना के भीतर काम करेगा—यह तथ्य अनदेखा नहीं किया जा सकता।
वर्तमान में संसद में महिलाओं की संख्या बढ़ी है, देश की राष्ट्रपति भी महिला हैं, न्यायपालिका में भी उनकी उपस्थिति है—फिर भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा, उत्पीड़न और असुरक्षा की घटनाएँ लगातार सामने आती हैं। मणिपुर जैसी घटनाएँ यह प्रश्न और तीखा कर देती हैं कि क्या केवल उच्च पदों पर महिलाओं की उपस्थिति समाज की गहरी संरचनात्मक असमानताओं को बदल सकती है?
एक अन्य चिंता यह भी है कि वर्तमान में जो महिलाएँ सामान्य सीटों से निर्वाचित होती हैं, आरक्षण लागू होने के बाद वे केवल आरक्षित सीटों तक सीमित न हो जाएँ। इससे राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का स्वरूप भी बदल सकता है और अवसरों का दायरा संकुचित हो सकता है।
इसी क्रम में एक अत्यंत गंभीर प्रश्न अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व का भी है।
पिछले वर्षों में यह स्पष्ट संकेत मिले हैं कि अल्पसंख्यक समुदायों की संसदीय भागीदारी अपेक्षाकृत घटती जा रही है। ऐसे में यह प्रश्न अनिवार्य हो जाता है कि महिला आरक्षण के इस प्रस्ताव में अल्पसंख्यक महिलाओं का स्थान क्या होगा? यदि आरक्षण के भीतर विविधता और समावेशन के ठोस प्रावधान नहीं किए गए, तो यह संभव है कि प्रतिनिधित्व का लाभ मुख्यतः बहुसंख्यक या पहले से सशक्त वर्गों तक सीमित रह जाए, और अल्पसंख्यक महिलाएँ दोहरे हाशिए पर चली जाएँ। इस संदर्भ में सत्ता पक्ष की संवेदनशीलता और नीतिगत स्पष्टता दोनों ही अब तक संतोषजनक नहीं दिखतीं—जो चिंता का विषय है।
सामाजिक न्याय का प्रश्न इस पूरी बहस के केंद्र में है। यह आशंका निराधार नहीं कि आरक्षण का लाभ मुख्यतः संपन्न, शिक्षित या राजनीतिक परिवारों से आने वाली महिलाओं को अधिक मिले, जबकि पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्गों की महिलाओं का प्रतिनिधित्व सीमित रह जाए।
इन सभी बिंदुओं पर गंभीर और विस्तृत विमर्श आवश्यक है। दुर्भाग्यवश, वर्तमान संसदीय परंपरा में विधेयकों का पर्याप्त बहस के बिना पारित होना एक चिंताजनक प्रवृत्ति बनती जा रही है। विपक्ष की भूमिका सीमित होती जा रही है और लोकतांत्रिक संवाद कमजोर पड़ रहा है।
अंततः, यह समझना होगा कि केवल प्रतिनिधित्व से परिवर्तन संभव नहीं है। इसके साथ सामाजिक सुधार, शिक्षा, जागरूकता और संस्थागत बदलाव भी अनिवार्य हैं। आज भी महिलाएँ न गाँव में सुरक्षित हैं, न शहर में; न विश्वविद्यालयों में, न सार्वजनिक स्थानों पर। कई सामाजिक संगठनों में भी उनकी भागीदारी केवल औपचारिकता तक सीमित है। और जब तक समाज की पुरुष वर्चस्ववादी मानसिकता में परिवर्तन नहीं होगा, तब तक कोई भी आरक्षण—चाहे वह कितना ही व्यापक क्यों न हो—अपने उद्देश्य को पूर्णतः प्राप्त नहीं कर सकेगा।
इसलिए महिला आरक्षण का प्रश्न केवल सीटों की संख्या का नहीं, बल्कि उस सामाजिक चेतना का है, जहाँ प्रतिनिधित्व सत्ता में बदले—और सत्ता, समानता में।
Cite as:
Achal, R. (2026). भारतीय संसद में महिला आरक्षण : प्रतिनिधित्व या प्रतीकवाद ?. Eastern Scientist, 1(34).
Available at: https://www.easternscientist.in/2026/04/blog-post_16.html
Dr. R. Achal Pulastey
Editor-in-Chief, Eastern Scientist
A multidisciplinary scholar. His writings focus on the interrelationships between Ayurveda, culture, folklore, and history, alongside environment, economic shifts, and geopolitical changes
Editorial Archive

0 Comments