एक देश, एक परीक्षा' का अंतर्विरोध: विकेंद्रीकरण ही शुचिता और सुरक्षा का मार्ग

Editorial Analysis
Published: May 19, 2026 | Editor in Chief

The Paradox of 'One Nation, One Examination': Why Decentralization is Key to Transparency and Safety

The editorial presents a critical analysis of India's current centralized examination framework, arguing that national competitive exams (such as NEET and JEE) have fundamentally deviated from being fair assessment tools, turning instead into ruthless mechanisms of 'elimination'. Recent administrative failures, widespread paper leaks, and breaches of confidentiality serve as undeniable proof that the system is fracturing from within. The core contradiction of the 'One Nation, One Exam' ideology lies in prioritizing bureaucratic uniformity over student well-being and exam integrity. In a country defined by vast socio-economic and geographical diversities, a hyper-centralized approach is both practically unviable and ethically unjust.
The editorial outlines how this centralist approach establishes a critical 'Single Point of Failure'. Managing the future of millions of students from a single, centralized headquarters in Delhi means that any administrative lapse or technical glitch instantly derails the aspirations of students across the length and breadth of the nation. This forced uniformity directly infringes upon the nation's federal structure, which constitutionally places education under the Concurrent List to ensure state participation.
Furthermore, a profound disparity exists between the diverse curricula of various state boards and the NCERT-centric pattern of national examinations. This systemic misalignment deprives rural and regional-language students of a 'level playing field', rendering them disadvantaged from the very beginning despite their inherent merit. This disconnect has fueled a hyper-commercialized 'coaching culture', transforming education into a test of financial resources rather than intellect. Young students, isolated from the essential emotional support of their families in distant coaching hubs, face immense psychological trauma. Additionally, poorly translated, complex question papers further shatter the confidence of regional-language candidates.
As a definitive solution, the Eastern Scientist strongly advocates for the decentralization of competitive examinations. Restoring the authority of state governments to conduct entrance tests for state-level institutions is presented as the only viable path to reclaiming transparency and integrity. Autonomous state exams would naturally align with regional board curricula, restoring equity for rural students. Administratively, local governance and state machinery can monitor exam centers with far greater precision and accountability. Most importantly, in the event of a localized discrepancy or paper leak, the crisis can be isolated and rectified regionally without resorting to the catastrophic measure of cancelling the nationwide exam, thereby safeguarding the time, labor, and mental peace of millions of unaffected students.
For a balanced way forward, the editorial proposes a two-tier system: retaining centralized assessments exclusively for premier national institutes of excellence (like IITs and AIIMS) while granting complete autonomy to states for regional college admissions.
Concurrently, the system must establish a robust 'Safety Net' (Plan-B) for unsuccessful students to eliminate the lethal 'all-or-nothing' psychological pressure that tragically drives many to suicide. The editorial urges the integration of competitive exam scores for lateral entry into high-demand parallel sectors like Biotechnology, Pharmacy, Data Science, and Healthcare Management. It recommends introducing fast-track, skill-based vocational degrees and linking exam preparation with the National Education Policy's (NEP) Academic Credit Bank to prevent the loss of precious academic years. Finally, it mandates the setting up of district-level, government-funded Career Re-direction Centers to provide critical psychological support and illuminate alternative career trajectories post-results.
In conclusion, the editorial calls for an urgent societal and policy shift away from the administrative illusion of 'One Nation, One Exam'. No system or exam can ever be more valuable than a student's life. The Eastern Scientist firmly asserts that if India is to restore trust, security, and humaneness to its education system, policymakers must decisively embrace regional autonomy and decentralization.

शिक्षा मूलतः जीवन को संवारने और संभावनाओं के नए द्वार खोलने का माध्यम है। किंतु समकालीन भारत में हमारी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था योग्यता के वास्तविक मूल्यांकन से अधिक 'एलिमिनेशन' (छात्रों को बाहर निकालने) का क्रूर जरिया बनती जा रही है। हालिया वर्षों में केंद्रीय परीक्षा ढाँचे की प्रशासनिक विफलताएं, प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता पर उठते गंभीर सवाल और उससे भी बढ़कर, देश के होनहार युवाओं में बढ़ता मानसिक अवसाद एवं आत्महत्या की दुखद घटनाएं इस बात का अकाट्य प्रमाण हैं कि वर्तमान व्यवस्था भीतर से चरमरा चुकी है। यहीं पर 'एक देश, एक परीक्षा' का वह बुनियादी अंतर्विरोध सतह पर आता है, जहां प्रशासनिक एकरूपता को छात्रों के जीवन और परीक्षा की शुचिता से बड़ा मान लिया गया है। भारत जैसी विशाल विविधताओं और सामाजिक-आर्थिक विषमताओं से भरे देश में इस विचार का थोपा जाना व्यावहारिक रूप से जितना जटिल है, नैतिक रूप से उतना ही अन्यायपूर्ण।

इस अंतर्विरोध की शुरुआत होती है दिल्ली-केंद्रित उस व्यवस्था से, जो लाखों-करोड़ों छात्रों के भविष्य को किसी एक केंद्रीय एजेंसी के बंद कमरों या मुख्य सर्वर से नियंत्रित करना चाहती है। प्रशासनिक सुगमता के नाम पर खड़ा किया गया यह ढांचा वास्तव में एक 'सिंगल पॉइंट ऑफ फेलियर' बन चुका है। तकनीकी स्तर पर या प्रशासनिक स्तर पर दिल्ली मुख्यालय में हुई एक भी चूक या मिलीभगत का खामियाजा कश्मीर से कन्याकुमारी तक के निर्दोष छात्रों को अपनी साल भर की मेहनत गंवाकर भुगतना पड़ता है। संपूर्ण देश को एक ही लाठी से हांकने की यह जिद हमारे उस लोकतांत्रिक और संघीय ढांचे की मूल भावना के भी विपरीत है, जहां शिक्षा को समवर्ती सूची में रखकर राज्यों की सहभागिता सुनिश्चित की गई थी।

इस व्यवस्था का दूसरा और अधिक गहरा अंतर्विरोध हमारे शिक्षा के धरातल पर मौजूद है। देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षा बोर्ड्स का पाठ्यक्रम, पाठ्यपुस्तकें और मूल्यांकन पद्धति केंद्रीय बोर्ड्स से सर्वथा भिन्न हैं। इसके बावजूद जब राष्ट्रीय स्तर पर नीट या जेईई जैसी महा-परीक्षाएं आयोजित होती हैं, तो उनका पूरा आधार केवल एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम को बना दिया जाता है। यह नीति सीधे-सीधे प्रांतीय बोर्ड्स और ग्रामीण पृष्ठभूमि के मेधावी छात्रों के साथ 'अवसर की असमानता' पैदा करती है। जो छात्र बचपन से इस विशिष्ट केंद्रीय पाठ्यक्रम में नहीं पढ़े, वे योग्यता होने के बावजूद पहली ही कतार में पीछे छूट जाते हैं।

इसी विसंगति की कोख से वह अमानवीय 'कोचिंग संस्कृति' पैदा हुई है, जिसने शिक्षा को एक व्यापारिक मंडी में बदल दिया है। जब स्कूल की पढ़ाई और केंद्रीय परीक्षा के पैटर्न में कोई सामंजस्य नहीं होगा, तो छात्र के पास महंगी कोचिंग की शरण में जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। परिणाम यह है कि जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं, वे संसाधनों के बल पर आगे निकल जाते हैं, और ग्रामीण या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की प्रतिभाएं संसाधनों के इस अभाव में दौड़ से बाहर हो जाती हैं। परीक्षा अब मेधा की नहीं, बल्कि संसाधनों की परीक्षा बन चुकी है। इसके साथ ही, केंद्रीय स्तर पर तैयार प्रश्न-पत्रों के क्लिष्ट और त्रुटिपूर्ण भाषाई अनुवाद प्रांतीय भाषाओं के छात्रों के आत्मविश्वास को परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले ही तोड़ देते हैं।

इन अंतर्विरोधों का एकमात्र तार्किक, सुरक्षित और व्यावहारिक समाधान परीक्षाओं का विकेंद्रीकरण ही है। राज्यों को उनकी अपनी प्रवेश परीक्षाएं (जैसे राज्य स्तरीय PMT, CET) आयोजित करने का अधिकार पुनः सौंपना केवल एक प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि परीक्षा की खोई हुई शुचिता को बहाल करने का एकमात्र मार्ग है। जब राज्य अपनी परीक्षा खुद आयोजित करेंगे, तो वे प्रश्न-पत्र का स्तर और कंटेंट अपने प्रांतीय बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुरूप रख सकेंगे, जिससे हर पृष्ठभूमि के छात्र को एक 'लेवल प्लेइंग फील्ड' (बराबरी का अवसर) मिल सकेगा।

शुचिता और सुरक्षा के लिहाज से भी विकेंद्रीकरण कहीं अधिक विश्वसनीय है। एक केंद्रीय एजेंसी के मुकाबले स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकारें अपने तंत्र, खुफिया विभाग और पुलिस बल का उपयोग करके परीक्षा केंद्रों की निगरानी कहीं अधिक कड़ाई से कर सकती हैं। सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि यदि किसी एक राज्य या क्षेत्र में कोई स्थानीय विसंगति या पेपर लीक जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना होती भी है, तो पूरी राष्ट्रीय परीक्षा को रद्द करने की आत्मघाती जरूरत नहीं पड़ेगी। केवल प्रभावित क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करके संकट को सीमित किया जा सकेगा, जिससे देश के बाकी हिस्सों के लाखों छात्रों का समय, मानसिक सुकून और श्रम सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही, राज्य स्तरीय व्यवस्था से चयनित डॉक्टर या इंजीनियर अपने ही परिवेश और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने के प्रति अधिक जवाबदेह होते हैं, जिससे क्षेत्रीय विकास की आवश्यकताओं की पूर्ति भी सुगमता से होती है।

इस दिशा में एक 'द्वि-स्तरीय व्यवस्था' सबसे संतुलित राह हो सकती है, जहां राष्ट्रीय महत्व के शीर्ष संस्थानों के लिए भले ही एक केंद्रीय परीक्षा हो, किंतु राज्यों के भीतर मौजूद कॉलेजों की सीटों के लिए राज्यों को पूर्ण स्वायत्तता मिले।

विकेंद्रीकरण का यह मार्ग अंततः छात्रों के जीवन की सुरक्षा का मार्ग भी बनता है। वर्तमान परीक्षा प्रणाली की 'ऑल-ऑर-नथिंग' (या तो सब कुछ या कुछ भी नहीं) की जिद छात्रों पर "करो या मरो" का ऐसा जानलेवा मनोवैज्ञानिक दबाव बनाती है कि परीक्षा के तीन घंटों में हुई एक शारीरिक या मानसिक चूक उन्हें सीधे अवसाद और आत्महत्या जैसे आत्मघाती कदमों की ओर धकेल देती है। यदि राज्यों की अपनी परीक्षाएं होंगी, तो छात्रों के सामने उम्मीदों के वैकल्पिक द्वार (प्लान-बी) खुले रहेंगे, जो उनके भीतर के खौफ को कम करेंगे।

इसके साथ ही, व्यवस्था को असफल या कुछ अंकों से चूक जाने वाले छात्रों के लिए एक मजबूत 'सुरक्षा तंत्र' (Safety Net) विकसित करना होगा। राष्ट्रीय परीक्षाओं में प्राप्त अंकों को व्यर्थ कूड़ेदान में फेंकने के बजाय, उनके आधार पर छात्रों को बिना किसी नई परीक्षा के बायोटेक, फार्मेसी, डेटा साइंस, हेल्थकेयर मैनेजमेंट या कृषि विज्ञान जैसे समानांतर क्षेत्रों में सीधे प्रवेश (Lateral Entry) का विकल्प मिलना चाहिए। पारंपरिक थ्योरी-आधारित पाठ्यक्रमों के स्थान पर उद्योग की आवश्यकताओं से जुड़े व्यावहारिक कोर्सेज को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। नई शिक्षा नीति के 'अकादमिक क्रेडिट बैंक' को इन परीक्षाओं से जोड़ा जाए, ताकि तैयारी में लगाए गए वर्ष बेकार न जाएं और छात्र किसी अन्य सामान्य पाठ्यक्रम में सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश पा सकें। प्रत्येक जिला स्तर पर ऐसे सरकारी काउंसलिंग केंद्र अनिवार्य हों, जो परिणाम के बाद भटके हुए छात्रों को यह दिखा सकें कि इस एक परीक्षा के परे भी जीवन में असीम रास्ते खुले हैं।

अब समय आ गया है कि हम 'एक देश, एक परीक्षा' के इस प्रशासनिक भ्रम से बाहर निकलें। कोई भी परीक्षा, कोई भी व्यवस्था देश के किसी बच्चे के अमूल्य जीवन से बड़ी नहीं हो सकती। परीक्षा में असफल होने का अर्थ जीवन में असफल होना कदापि नहीं है। 'ईस्टर्न साइंटिस्ट' का यह सुदृढ़ मत है कि यदि हमें अपनी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, शुचिता और विश्वसनीयता को वापस लाना है, और अपने युवाओं को अवसाद के इस आत्मघाती अंधेरे से बचाना है, तो नीति-निर्माताओं को अवलिंब क्षेत्रीय स्वायत्तता और विकेंद्रीकरण के इस मानवीय मार्ग को अपनाना ही होगा।

Dr. R. Achal

डॉ. आर. अचल पुलस्तेय

Editor-in-Chief, Eastern Scientist

Multidisciplinary scholar focusing on socio-economic transitions and geopolitical shifts in the Eastern hemisphere.

ORCID iD: 0009-0002-8240-2689

Article Views :

How to Cite this Article :


Related Articles

Post a Comment

0 Comments